पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह बुधवार को अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी लॉन्च करने की घोषणा कर सकते हैं। इस संबंध में एक संकेत मंगलवार को तब मिला, जब उनके मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने चंडीगढ़ में अमरिंदर सिंह की प्रेस वार्ता के लिए मीडिया को आमंत्रित किया। जिस पर पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर पर निशाना साधा है। नवजोत कौर ने कहा कि कांग्रेस का कोई विधायक कैप्टन के साथ नहीं जाएगा। हां, अगर उन्होंने किसी पर कोई एहसान किया, तो वो जा सकते हैं। लोग पार्टी से जुड़ जाते हैं, अकेले एक आदमी पार्टी नहीं बनाता है। कांग्रेस से जुड़े लोग नहीं जाएंगे।
नवजोत कौर का बयान
नवजोत कौर ने कहा कि पार्टी ने उन्हें पूरी आजादी दी लेकिन उन्होंने किसी कार्यकर्ता को शक्ति नहीं दी। कभी किसी मंत्री या विधायक से खुलकर मुलाकात नहीं की। उन पर कौन भरोसा करेगा। उनके लिए यह सबसे अच्छा होता अगर वह शिअद में शामिल हो जाते। इससे लोगों का संदेह शांत होता और वह कुछ सीटें जीत पाते।
अमरिंदर ने कांग्रेस को औपचारिक रूप से कहा अलविदा
कांग्रेस को औपचारिक रूप से अलविदा कहते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह जल्द ही लोगों के हितों की सेवा के लिए अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू करने की घोषणा करेंगे। इनमें वे किसान भी शामिल हैं जो एक साल से अधिक समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
किसानों के हित के लिए हो सकता है BJP से सीटों का बंटवारा
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर किसानों के मुद्दों को उनके हित में हल किया जाता है, तो उन्हें राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के साथ सीट बंटवारे की व्यवस्था की उम्मीद है। अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक कि वह अपने लोगों और अपने राज्य का भविष्य सुरक्षित नहीं कर लेते।
पंजाब को सुरक्षा और शांति की आवश्यकता : अमरिंदर
अमरिंदर ने एक ट्वीट में कहा, पंजाब को राजनीतिक स्थिरता और आंतरिक और बाहरी खतरों से सुरक्षा की आवश्यकता है। मैं अपने लोगों से वादा करता हूं कि मैं शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करूंगा। कांग्रेस के भीतर महीनों की खींचतान के बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने 18 सितंबर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।