लुधियाना : शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल आज गुरू की नगरी में स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की कोर कमेटी की बैठक उपरांत लोकसभा संसदीय चुनावों के लिए अगले उम्मीदवारों की सूची का ऐलान जल्द कर दिया जाएंगा। उन्होंने शिअद के साथ छतीस का आंकड़ा रखने वाली सियासी पार्टी कांग्रेस पर जमकर हमला किया। सुखबीर बादल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को झूठा करार दिया तो पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ को मेंटल तक कह दिया। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा।
इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा चुनाव लडऩे के संकेत भी दिए। वह यहां अपनी पत्नी व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर के साथ श्रीदरबार साहिब में माथा टेकने आए थे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने इस दौरान फिरोजपुर सीट से लोकसभा चुनाव में लडऩे के सवाल पर कहा कि बतौर शिअद प्रधान मैं पार्टी के लिए हर लड़ाई लडऩे को तैयार हैं। इसके साथ ही मेरे चुनाव लडऩे की बात अभी अखबारी सुर्खियां तक ही सीमित हैं।
सुखबीर ने यह भी कहा युद्ध के मैदान में अगर सेना अध्यक्ष आगे बढक़र युद्ध करता है तो सिपाहियों को जोश भी दुगुना हो जाता है और वह कोर कमेटी के फैसले के उपरांत स्पष्ट करेंगे कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। सुखबीर ने पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ पर कड़ा हमला किया।
उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ मेंटल हो गए हैं। उनको कुछ समझ में नहीं आता। वह अब अपने घर के भी नहीं हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि सुनील जाखड़ में हिम्मत है तो अपने घर में आकर चुनाव लड़ें। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में जैसे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने झूठ बोलकर अपनी सरकार बनाई है, वैसा ही अब राहुल गांधी करना चाहते हैं। राहुल गांधी झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर सत्ता हासिल करना चाहते हैं, लेकिन उनकी यह मंशा पूरी नहीं होनेवाली है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला किया। सुखबीर ने कहा कि अब यह पूरी तरह साफ हो गया है कि आप और कांग्रेस एक हैं व उनकी पहले से ही मिलीभगत है।