शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी दांव खेला है। बादल ने ऐलान किया है कि अगर पंजाब में अगली बार शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का गठबंधन सत्ता में आता है तो एक उप मुख्यमंत्री का पद हिंदू समुदाय के किसी व्यक्ति को दिया जाएगा।
बादल ने कहा कि अगर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद उनकी सरकार बनती है तो पंजाब में दो उप मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा, शिअद-बसपा गठबंधन की सरकार ही सही मायने में पंजाबी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करेगी। यह सरकार पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के आदर्शों एकता, शांति तथा साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक होगी।
सुलह के फार्मूले को अंतिम रूप दे रही है कांग्रेस : हरीश रावत बोले – अमरिंदर, सिद्धू मिलकर काम करेंगे
इससे पहले बादल ने कहा था कि सरकार बनने पर एक उप मुख्यमंत्री का पद किसी दलित को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि कुछ बाहरी ताकतें पंजाब की शांति को भंग करना चाहती हैं। परंतु, हम पंजाबियों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि शिअद-बसपा की सरकार प्रकाश सिंह बादल की नीतियों पर चलते हुए सभी धर्मों का सम्मान बरकरार रखेगी।
उन्होंने कहा, हम सभी समुदायों को साथ रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी कारण पार्टी ने सरकार बनने पर एक हिंदू सवर्ण और एक दलित उपमुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है।