पंजाब के शिक्षा मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने रविवार को कहा कि अदलीवाल में निरंकारी भवन पर हुआ हमला राज्य की शांति भंग करने की साजिश है। श्री सोनी ने विभिन्न अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हाल जाना। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कुछ ताकतें राज्य का माहौल खराब करने की साजिश रच रही हैं जो अपने इरादों में सफल नहीं हो पायेंगे।
उन्होंने बताया कि बम धमाके में घायलों का सरकार की ओर से मुफ्त इलाज किया जाएगा और हमले में मारे गये लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। श्री सोनी ने बताया कि हमले में घायल 20 लोगों में से 12 को गुरूनानक देव अस्पताल और आठ को अन्य अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधकों को घायलों के इलाज में कोई भी कोताही नहीं बरतने की हिदायत दी। इस अवसर पर उनके साथ विधायक सुनील दत्ती भी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App




