लुधियाना-पटियाला : पिछले कुछ दिनों से पंजाब की सियासत में नए समीकरण बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी के बागी नेता और पंजाब विधानसभा के पूर्व प्रतिपक्ष नेता रहे सुखपाल सिंह खैहरा और आप के निलंबित पटियाला के सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने लुधियाना के बैंस ब्रदर बलविंदर सिंह बैंस व सिमरजीत सिंह बैंस के साथ नया मोर्चा बनाने की याजना तैयार कर ली है। चारों नेताओं ने नया मोर्चा बनाने का ऐलान किया। इन नेताओं ने कहा कि पंजाब के हित के मद्देनजर नया फ्रंट बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।
डॉ. धर्मवीर गांधी और सुखपाल सिंह खैहरा ने पटियाला में रैली की। रैली में बैंस ब्रदर्स बलविंदर सिंह बैंस और सिमरजीत सिंह बैंस भी मौजूद थे। खैहरा और डॉ. गांधी ने कहा कि पंजाब के हितों को लेकर वे एक मंच पर आए हैं। दोनों नेताओं ने आम आदमी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधा।
सज्जन कुमार की सजा का राजनीतिकरण से न करें : कांग्रेस
डॉ. धर्मवीर गांधी ने कहा कि पंजाब को खुद मुखत्यार बनाने के लिए एक नया फ्रंट बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। पिछले 70 सालों से पंजाब की राजनीति विभिन्न दलों के दिल्ली बैठे आकाओं के इशारे पर चल रही है। इस कारण पंजाब के हितों का नुकसान हो रहा है। आम आदमी पार्टी में भी ऐसी ही हालत है। ऐसे में पंजाब के हितों के लिए समान विचारधारा वाले नेताओं के एक मंच पर आने की जरूरत है।
खैहरा ने भी कहा कि इस तरह का मंच बनाने की सख्त जरूरत है। खैहरा ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की मुखत्यारी के लिए हम नया फ्रंट बनाने का प्रयास कर रहे हैं। बैंस ब्रदर्स ने भी इसमें पूरा सहयोग करने की बात कही। चारों नेताओं ने कहा के नए फ्रंट से अन्य नेताओं व शक्तियों को जोडऩे की कोशिश की जाएगी।
– सुनीलराय कामरेड