राजस्थान में दुष्कर्म की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। नया मामला जालोर जिले के भीनमाल का है , जहां दो नाबालिगों का अपहरण कर गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी एक गांव से दो नाबालिग बहनों को उठाकर ले गए और उनके साथ गैंगरेप किया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जालोर के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “दो नाबालिग, जिनकी उम्र 14 और 15 साल है, को उनके घर से करीब एक बजे चार लोगों ने अगवा कर लिया और राजपुरा के पास पहाड़ों में उनके साथ गैंगरेप किया गया।” वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लड़कियों को पहाड़ियों पर बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।
उन्होंने कहा, “इस मामले में अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।” आगे की जांच जारी है। लड़कियों को घायल अवस्था में भीनमाल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। घटना को लेकर बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था को बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, प्रदेश में हर रोज हो रही दुष्कर्म सहित आपराधिक घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। वसुंधरा राजे ने आज सोशल मीडिया के जरिए कहा कि जालोर जिले के भीनमाल में दो नाबालिग लड़कियों के साथ किए गए गैंगरेप ने यह साबित कर दिया है कि राजस्थान में न कोई कानून-व्यवस्था और न ही कोई सरकार दिखाई देती हैं।