गुटबाजी के चलते राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर मंडरा रहे खतरे के बादलों के बीच भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को अपनी पुरानी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रतिभा व क्षमता का कोई स्थान नहीं रहा।
सिंधिया ने दावा किया कि राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा किनारे लगाया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘यह देखकर दुख हो रहा है कि मेरे पूर्व सहयोगी सचिन पायलट को भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा किनारे लगाया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है। यह दर्शाता है कि कांग्रेस में प्रतिभा व क्षमता का कोई स्थान नहीं है।’’
Sad to see my erstwhile colleague, @SachinPilot too, being sidelined and persecuted by Rajasthan CM, @ashokgehlot51 . Shows that talent and capability find little credence in the @INCIndia .
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) July 12, 2020
बता दें कि सिंधिया ने कुछ माह पूर्व ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उनका आरोप था कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उन्हें अलग-थलग कर रहे थे। सिंधिया के साथ कांग्रेस के 20 से अधिक विधायकों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया था, जिसके चलते मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार गिर गई थी।
बाद में सिंधिया के सहयोग से राज्य में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई और शिवराज सिंह चौहान फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। कहा जा रहा है कि राजस्थान में पायलट भी वैसी ही परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, जिसका सामना सिंधिया ने कथित तौर पर किया था।