राजस्थान के भरतपुर में गैंगरेप का मामला सामने आया था, जिसमें अब एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पीड़िता को मुआवजा भी दिया गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का धन्यवाद किया है।
प्रियंका ने शुक्रवार को ट्वीट कर लिखा कि कोई भी राजनीतिक व्यवस्था महिलाओं के प्रति संवेदनशील हुए बिना प्रगति नहीं कर सकती। भरतपुर मामले में संज्ञान लेकर शीघ्रता से न्यायोचित कार्रवाई करने के लिए अशोक गहलोत जी का बहुत धन्यवाद।
पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश में मथुरा जनपद के पालीखेड़ा गांव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा में कुछ लोगों ने यह मामला उठाया था। सभा में मंच के समक्ष करीब दर्जनभर लोगों ने तख्तियां दिखाते हुए राजस्थान की एक लड़की को राज्य सरकार से न्याय दिलाने की मांग करनी शुरू कर दी।
प्रियंका गांधी इन लोगों से मिलीं व उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उसी समय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात की। इसके बाद पुलिस ने भरतपुर जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष दर्ज दुष्कर्म मामले में पीड़िता और उसके परिजनों को सुरक्षा मुहैया करवा दी। अशोक गहलोत ने पुलिस से इस संबंध में रिपोर्ट मंगवाकर कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए।