राजस्थान में फिर शुरू हुआ पक्ष और विपक्ष के बीच आरोपों का दौर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनिया ने कांग्रेस पार्टी की महिला विरोधी विचारधारा को जगजाहिर बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के नुमाइंदे द्वारा दंभ भरी अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करना निंदनीय है। पूनिया ने शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के एक महिला पार्षद के साथ कथित टिप्पणी के मामले में सोशल मीडिया के जरिए यह बात कही।
जगजाहिर है कांग्रेस पार्टी की महिला विरोधी विचारधारा; कांग्रेस सरकार के नुमाइंदे द्वारा दंभ भरी अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करना निंदनीय है; शिक्षा मंत्री के नाते ऐसी भाषा का प्रयोग करना संवैधानिक ढांचे का अपमान करना है। https://t.co/RApyYOB79R
— Satish Poonia (@DrSatishPoonia) June 26, 2021
उन्होंने कहा शिक्षा मंत्री होने के नाते ऐसी भाषा का प्रयोग करना संवैधानिक ढांचे का अपमान करना है। इनके अलावा केन्द्रीय संसदीय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि झूठ बोलकर एवं जनता को गुमराह करके शासन में आई कांग्रेस सरकार, सत्ता के दंभ में डूबकर जनसेवा से कोसो दूर चल रही है। बीकानेर में मातृशक्ति के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार निंदनीय है। प्रदेश की जनता कांग्रेस को शीघ्र ही जवाब देगी।
राज्य विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि बीकानेर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री का उनकी ही पार्टी की महिला नेता के साथ दुर्व्यवहार एवं अपमानजनक टिप्पणी करना कांग्रेस की महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का अपमान करना तो कांग्रेस की संस्कृति रही है। बता दें कि शनिवार को बीकानेर के सर्किट हाउस में शिक्षा मंत्री डोटासरा से मिलने आई पार्षद अंजना खत्री उनकी बात से नाराज हो गई थी।