मोदी सरकार के तीन कृषि कानून को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को राजस्थान में जागरूकता अभियान चलाया। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने किसान कल्याण कानूनों के संबंध में किसानों को गुमराह करने का कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह किसानों और जनता को गुमराह करके सत्ता में वापस नहीं कर सकती।
जागरुकता अभियान के तहत पूनिया ने फेसबुक पर ‘किसान कल्याण सम्पर्क अभियान’ शुरू करते हुए कहा, ‘‘किसानों के कल्याण के लिए बनाए गए इन तीन कानूनों ने किसानों की तकदीर और तस्वीर बदलने की प्रतिबद्धता जताई है।’’ उन्होंने कहा कि कृषि उपज व्यापार व वाणिज्य संवर्धन और सरलीकरण कानून, 2020 के तहत किए गए प्रावधान के अनुसार किसान अपनी उपज को मंडी के बाहर, देश में कहीं भी और अपनी तय की गई कीमत पर बेच सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत बड़ा भ्रम फैलाया गया कि इन कानूनों के कारण अनाज मंडी खत्म हो जायेंगी। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि मंडी रहेगी और वहां भी निर्बाध व्यापार चलेगा।’’ पूनिया ने कहा कि इन कानूनों से रोजगार की संभावनाएं बढेंगी, प्रतिस्पर्धा बढेगी और इससे निश्चित रूप से किसानों को अपनी उपज अच्छे दामों पर बेचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस मुहिम के तहत पार्टी के सांसद, विधायक और अन्य नेता गांव की चौपाल तक जाएंगे और किसानों को जागरूक बनाएंगे। इन कानूनों का विरोध करने को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए पूनिया ने कहा, ‘‘55 साल तक लूट और झूठ के आधार पर राज करने वाली कांग्रेस अब नीति, सिद्धांत और व्यवहारों से नकार दी गई है और साढे तीन राज्यों में सिमट गई है।’’
इस अभियान के तहत एक अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी इन कानूनों को जानकारी फेसबुल लाईव के जरिए देंगे। बीजेपी प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि इस मुहिम को 10 अक्तूबर तक चलाया जाएगा।