देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस रविवार को जयपुर में केंद्र सरकार को घेरते हुए ‘महंगाई हटाओ रैली’ की। रैली में पार्टी की अंतिरम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। रैली में राहुल ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा, देश में दो शब्दों की टक्कर है। एक शब्द हिंदू और एक हिंदुत्व। हिन्दू और हिंदुत्ववादी शब्द एक नहीं है, ये दो अलग-अलग शब्द है और इनका मतलब भी अलग है। मैं हिंदू हूं लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं हूं। महात्मा गांधी हिंदू थे और गोडसे हिंदुत्ववादी। चाहे कुछ भी हो जाए हिंदू सत्य को ढूंढता है।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्ववादी पूरी जिंदगी सत्ता ढूंढने में लगा देता है। सत्ता के लिए वह कुछ भी कर देता है। उसका रास्ता सत्याग्रह नहीं, सत्ताग्रह है वह सत्ता के लिए किसी को मार देगा, कुछ भी कर देगा। हिंदू डर का सामना करता है और एक इंच पीछे नहीं हटता।
हिंदुत्ववादियों को सत्ता से बाहर कर हिंदुओं को वापस लाने की जरूरत
कांग्रेस नेता ने कहा, ये देश हिंदूओं का देश है हिंदुत्ववादियों का नहीं है और आज इस देश में महंगाई, दर्द, दुख है तो ये काम हिंदुत्ववादियों ने किया है। हिंदुत्ववादियों को किसी भी हालत में सत्ता चाहिए। और वे 2014 से सत्ता में हैं। हमें इन हिंदुत्ववादियों को सत्ता से बाहर करने और हिंदुओं को वापस लाने की जरूरत है।
उन्होंने भगवान शिव का उदाहरण देते हुए कहा कि हिंदू शिवजी की जैसे अपने डर को निगल लेता है। वहीं हिंदुत्ववादी अपने डर के आगे झुक जाता है, डर के आगे मत्था टेकता है। हिंदुत्ववादी को डर के चलते उसके अंदर नफरत आती है। हिंदू डर का सामना करता है इसलिए उसके दिल में प्यार रहता है। राहुल ने कहा कि गीता में भी लिखा है सत्य की लड़ाई लड़ो। गीता में कृष्ण ने यह नहीं कहा कि अपने भाइयों को सत्ता के लिए मारो, अपने भाइयों को सच के लिए मारो। 3000 साल में हिंदू दबाया नहीं गया, कभी नहीं दबाया जा सकता।
मोदी व उनके मित्रों ने देश को सात साल में बर्बाद कर दिया
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनके तीन चार मित्रों ने देश को सात साल में बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा, किसानों का कर्जा माफ कर दिया क्योंकि किसानों को कर्जामाफी की जरूरत है। मोदी ने किसानों की छाती में चाकू मार दिया। वो भी पीछे से मारा, क्योंकि मोदी हिंदुत्ववादी हैं। हिंदू अगर मारता है तो आगे से मारता है, लेकिन हिंदुत्ववादी ने पीछे से मारा।