आज सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। कोरोना संकट के बीच इस बार कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं हो रहा है। इसी बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया सहित कई नेताओं ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर गहलोत ने कहा कि इस मौके स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने योग को भारतीय सभ्यता की देन बताते हुए कहा कि भारत में सदियों से इसका पालन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के चलते इस समय योग का अभ्यास विशेष रूप से फायदेमंद है।
जोशी ने समस्त देशवासियों को विश्व योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजे ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी प्राचीन विधा है, जो मानव अंगों को नई ऊर्जा से भर देता है। इस अवसर पर उन्होंने अपील की कि जीवन में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन को बनाए रखने के लिए योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा जरूर बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसे स्वास्थ्य संकट के दौर में योग का महत्त्व और अधिक बढ़ जाता है। इसलिए हम सभी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा‘स्वस्थ भारत’के संकल्प में भागीदारी निभाएं।
पूनिया ने कहा कि भारत की संस्कृति की अमूल्य विधा योग विश्व का कल्याण कर रही है जो वर्षों के अनुसंधान के पश्चात हमारे ऋषियों, महर्षियों, योग गुरुओं ने पूरे विश्व को दी है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर हमे मानसिक-आत्मिक शांति एवं शारीरिक शक्ति के लिए नित्य योगाभ्यास का संकल्प लेना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने समस्त प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग दिवस के अवसर पर हम सब मिलकर अपने जीवन में नियमित रूप से योग को अपनाने और देश को रोगमुक्त करने का संकल्प लेना चाहिए। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कहा कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का विज्ञान हैं योग, योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अंग बनाकर स्वस्थ रहें और रोगों को दूर भगाएं।
उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठोर ने चूरु में अपने आवास पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हुए इस मौके योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर राठौड़ ने कहा कि योग से जीवन में सकारात्मक शक्ति का संचार होता है। इनके अलावा प्रदेश में अन्य कई नेताओं ने भी प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी।