राजस्थान में कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर लगातार बरकरार है। राज्य में संक्रमितों और मृतकों के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे है। हर दिन इस खतरनाक वायरस के चपेट में आने वालों की संख्या बढ़ रही है। इस बीच राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से सोमवार को तीन और लोगों की मौत हो गयी जिसके साथ ही राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 459 हो गई है।
दूसरी ओर राज्य में अब तक के सबसे अधिक 99 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या 20263 हो गयी जिनमें से 3836 रोगी उपचाराधीन हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को अजमेर में दो संक्रमितों की मौत हो गयी । दूसरे राज्य के एक अन्य रोगी की भी यहां मौत हुई है। इससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 459 हो गई है।
उन्होंने बताया कि केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 163 हो गयी है जबकि जोधपुर में 59, भरतपुर में 39, कोटा में 24,अजमेर में 21, बीकानेर में 17, नागौर में 12 और धौलपुर में 10 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के 31 रोगियों की भी यहां मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह साढ़े दस बजे तक राज्य में संक्रमण के 99 नये मामले सामने आये। इनमें भरतपुर में 27, जयपुर में 24, अलवर में 12, कोटा में नौ, झुंझुनू में आठ, दौसा में पांच नये मामले शामिल हैं। राज्यभर में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



