राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कड़ी से कड़ी जुड़ने पर प्रदेश में कई सौगाते मिलेंगी और कई काम कराये जा सकेंगे। श्री गहलोत ने आज मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, लेकिन केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार नहीं होने से कड़ी से कड़ी जुड़ हुई नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में केन्द, में संप्रग की सरकार बनायें ताकि कड़ी से कड़ी जुड़ और प्रदेश में कई सौगाते मिले।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केन्द, में संप्रग सरकार बनने पर प्रदेश में अटके कई काम फिर से कराये जायेंगे तथा लोगों को कोई समस्या नहीं आयेगी। उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को लोगों ने 163 सीटे देकर भारी समर्थन दिया, लेकिन भाजपा सरकार उस पर खरी नहीं उतरी।
श्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार लोगों की हर समस्या को सुनेगी और उनका समाधान करने का प्रयास करेगी। लोगों को कोई तकलीफ नहीं होने दी जायेगी। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्यायें सुनी और उनसे ज्ञापन लिए तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। इससे पहले श्री गहलोत ने मां त्रिपुरा सुंदरी के मंदिर में दर्शन किये। इस मौके पर उनके पुत्र एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव वैभव गहलोत भी मौजूद थे।