राजस्थान सरकार 20 लाख किसानों को नि:शुल्क सब्जियों के बीज किट उपलब्ध कराएगी। इस पर राजस्थान उद्यानिकी विकास मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में कृषक कल्याण कोष से 60 करोड़ रुपए व्यय होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।
जानिए कौन सी फसल के उपलब्ध होंगे बीज
गहलोत की स्वीकृति से प्रदेश के पांच लाख किसानों को 500 वर्गमीटर क्षेत्र में एकल फसल और 15 लाख किसानों को 100 वर्गमीटर क्षेत्र के लिए कोम्बो किचन गार्डन किट उपलब्ध करवाए जाएंगे। कोम्बो किचन गार्डन किट में खरीफ फसल के लिए टिण्डा, भिण्डी, मिर्च, ग्वार, लौकी, टमाटर व बैंगन, रबी फसल के लिए पालक, गाजर, मिर्च, मटर, मूली, टमाटर व बैंगन तथा जायद फसल के लिए ककड़, टिण्डा, भिण्डी, लौकी व ग्वार के बीज शामिल हैं। इसमें खरीफ-2023 के लिए सात लाख, रबी 2023-24 के लिए 11 लाख एवं जायद-2024 के लिए दो लाख किट वितरण का लक्ष्य है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट वर्ष 2023-24 में इस सम्बन्ध में घोषणा की थी।