राजस्थान में चल रहे राज्यसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक पर क्रॉस वोटिंग करने का आरोप लगाया गया है। इस बीच यह मांग उठ रही है कि इन विधायकों के वोटों को ख़ारिज कर दिया जाए, बता दें कि धौलपुर से भाजपा विधायक शोभा रानी कुशवाह ने कथित तौर पर कांग्रेस विधायक के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की है। भाजपा विधायक शोभा रानी का वोट खारिज हो गया है, वहीं कैलाश मीणा के वोट पर विवाद बना हुआ है।
शोभा रानी ने कांग्रेस प्रत्याशी को दिया वोट
जानकारी के मुताबिक भाजपा विधायक ने क्रॉस वोटिंग करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद तिवारी को वोट दिया है। बताते चलें कि राजस्थान के धौलपुर से विधायक शोभा रानी काफी समय से भारतीय जनता पार्टी से अलग-थलग देखी जा रही थीं। वहीं एक अन्य घटना में बांसवाड़ा के गढ़ी से भाजपा विधायक कैलाश चंद्र मीणा ने पार्टी के पोलिंग एजेंट राठौर को अपना वोट दिखाया, लेकिन जाहिर तौर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पोलिंग एजेंट गोविंद सिंह डोटासरा को भी अपना वोट गलती से दिखा दिया।
कैलाश चंद्र मीणा के वोट पर फैसला आना बाकी
डोटासरा ने दावा किया कि उन्होंने वोट देखा था इसलिए इसे खारिज कर दिया जाना चाहिए। राज्यसभा चुनावों में प्रत्येक विधायक का वोट महत्वपूर्ण होता है और हार-जीत के बीच का अंतर हो सकता है। इससे पहले, भाजपा द्वारा मॉक पोलिंग के दौरान, भाजपा के पांच विधायकों के वोट खारिज कर दिए गए थे। मतदान शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वोट डालने के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने मतदान किया। राजस्थान की 4 राज्यसभा सीटों के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।