मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पक्ष के विधानसभा सत्र बुलाए जाने की मांग को राज्यपाल कलराज मिश्र द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद राजस्थान में हलचल मची हुई। पायलट खेमे के विधायक भी विधानसभा की इस कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। इस बीच पायलट समर्थक विधायक और राज्य सरकार में पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने सचिन पायलट की तुलना अर्जुन से की।
विश्वेंद्र सिंह ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए लिखा, वो अर्जुन है ,कभी महाभारत का ‘युद्ध’ नहीं हारेगा, साथियों! विश्वास करो! वो “बाण” जीत का मारेगा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में बागी हुए पायलट खेमे के विधायक विश्वेंद्र सिंह को कांग्रेस ने प्राथमिक सदस्यता और मंत्री पद से बर्खास्त किया जा चुका है।
वो अर्जुन है ,कभी महाभारत का ‘युद्ध’ नहीं हारेगा
साथियों! विश्वास करो! वो “बाण” जीत का मारेगा।@SachinPilot— Vishvendra Singh Bharatpur (@vishvendrabtp) July 30, 2020
जयपुर से जैसलमेर ले जाए जाएंगे गहलोत समर्थक विधायक
गौरतलब है कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार का समर्थन कर रहे विधायकों को शुक्रवार को जयपुर से जैसलमेर ले जाया जाएगा। ये विधायक 13 जुलाई से जयपुर के बाहर एक होटल में रुके हैं। विधानसभा का आगामी सत्र 14 अगस्त से होना है और तब तक ये विधायक एक साथ ही रुकेंगे।
वहीं अशोक गहलोत ने गुरुवार को दावा किया कि विधानसभा सत्र बुलाने की तारीख तय होने के बाद राज्य में विधायकों की खरीद-फरोख्त का ‘दाम’ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और सरकार गिराने का षड्यंत्र करने वाली भाजपा को जनता माफ नहीं करेगी।