राजस्थान में मौसम ने करवट ली है प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं राजधानी जयपुर में सुबह से बादल छाये हुए है और ठंडी हवाओं के चलने से लोग ठंड से परेशान हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर सहित प्रदेश के कई स्थानों पर कल के मुकाबले न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।
विभाग के प्रवक्ता के अनुसार आज सुबह पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, बांरा, झालावाड़, बांसवाड़, सवाई माधोपुर और करौली में हल्की बारिश हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अधिकतर हिस्सों में कल के मुकाबले अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस से 27.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 7.2, चूरू में 8.7, अलवर में 9.2, जैसलमेर में 10.5 और अन्य स्थानों पर 12 से 17.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के मैदानी भागों में बारिश होने की संभावना जताई है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।