राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि विपक्ष की भूमिका में कोई कसर नहीं छोड़ जायेगी। श्री कटारिया ने नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के बाद आज यहां पत्रकारों से कहा कि जब हम सत्ता में नहीं थे तब भी कांग्रेस के समक्ष जनता की आवाज को बराबर उठाते रहे और अब फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष की भूमिका में कोई कसर नहीं छोड़गी।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी और कांग्रेस को चैन से नहीं बैठने देगी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह झूठ बोलकर और लोगों को सपना दिखाकर सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से लेकर अब तक पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे का परिश्रम और नेतृत्व उन्हें प्राप्त हुआ है इसके लिए वह राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभारी है।
उन्होंने कहा कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वह आश्वस्त करना चाहते हैं कि जनता के लिए सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर तरीके से मुकाबला किया जायेगा। श्री कटारिया ने कहा कि वे सब मिलकर काम करेंगे और किसी काम में कोई कमी नहीं रहने दी जायेगी।