भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण अभियान (एनआरसी) के मुददे पर कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि बांग्लादेशियों को देश से बाहर निकालने का केंद्र सरकार का अभियान जारी रहेगा।
अमित शाह ने मंगलवार को राजस्थान में चुनावी अभियान का श्रीगणेश करते हुए कांग्रेस अघ्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किए। वहीं शक्ति सम्मेलन के माध्यम से पार्टी के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह का संचार करते हुए चुनाव जीतने के मंत्र भी दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की नही बल्कि वोट बैंक की चिंता है इसीलिये वह राष्ट्रहित में चलाए जा रहे एनआरसी का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश से एक-एक बांग्लादेशी को बाहर निकालने के अभियान को जारी रखेगी।
अपने एक दिवसीय प्रवास पर राजस्थान आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनावी अभियान की शुरूआत मोतीडूंगरी स्थित गणेश मंदिर की पूजा अर्चना से की। उसके बाद वह पार्टी द्वारा आयोजित शक्ति केंद्र सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर आंख कान बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चार साल के दौरान किए गए विकास कार्य दिखाई नही देते है।
अमित शाह ने आंकड़े देते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने चार साल के शासन में देश की साढे़ पांच करोड महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत गैस कनैकशन, डेढ़ करोड़ से अधिक बेघर लोगों को आवास, किसानों के करोडों रूपये के कर्ज माफी जैसी अनेक योजनाओं को आम जन को लाभांवित किया है जबकि 55 साल के शासन के बाद भी कांग्रेस यह सब नही कर पाई।
2019 चुनाव तक BJP के अध्यक्ष बने रहेंगे अमित शाह, जनवरी में खत्म हो रहा है कार्यकाल
उन्होंने राज्य की वसुंधरा राजे सरकार की भी तारीफ करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पेयजल की कमी से त्रस्त राजस्थान में पानी की समस्या को दूर करने में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। राज्य सरकार ने 19 हजार करोड रूपये पेयजल योजनाओं पर, 7000 करोड रूपये सडकों पर, गांवो को जोड़ने के साथ पहली बार किसानों के 50 हजार रूपये के कर्ज माफ कर लाखों किसानों को राहत दी है।
अमित शाह ने भाजपा के शक्ति केन्द्रों को उत्साह का केंद्र बताते हुए कहा कि देश में जितने भी चुनाव हुए है वहां पार्टी द्वारा आयोजित ऐसे सम्मेलनों से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह का संचार हुआ है।
उन्होंने राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के आत्म विश्वास और भरोसे के बल पर ही पार्टी ने सदैव नई उंचाईयों को छुआ है। उन्होंने भाजपा को अंगद के पांव की संज्ञा देते हुए कहा कि उसे कोई भी उखाड़ नही सकता।
उन्होंने कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता महाराणा प्रताप के विजयी घोडे चेतक की तरह है जो हर चुनौती का मुकाबला करते हुये पार्टी को नई उचांईयों तक पहुंचाने में सक्षम है।