कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 32 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी जिसमें पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ झालरापाटन से चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में सबसे प्रमुख नाम भाजपा से हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए मानवेंद्र सिंह का है।
Congress releases the second list of 32 candidates for Rajasthan Assembly elections. pic.twitter.com/OsypSUaHB1
— ANI (@ANI) November 17, 2018
मानवेंद्र सिंह झालावाड़ जिले की झालरापाटन सीट से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को चुनौती देंगे। मानवेंद्र पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता रहे जसवंत सिंह के पुत्र हैं। कांग्रेस ने गत 15 नवंबर की रात उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची में 152 उम्मीदवारों के नाम थे।
बता दें कि पहली सूची में कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, सचिन पायलट और सी पी जोशी को भी चुनाव मैदान में उतारा। गहलोत सरदारपुरा विधानसभा सीट से, सचिन पायलट टोंक से और सीपी जोशी नाथद्वारा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि राजस्थान में सात दिसंबर को मतदान होगा और मतगणना 11 दिसंबर को होगी।