जयपुर: राजस्थान में जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय नेपाली महिला के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म मामले के दो आरोपियों को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त (जयपुर दक्षिण) के के अवस्थी ने रविवार को बताया कि 23 वर्षीय नेपाली युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म में शामिल दोनों आरोपी लोकेश सैनी (19 वर्ष) और कमल सैनी (24 वर्ष) को शनिवार की रात गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी तरफ, थानाधिकारी देवेन्द्र ने बताया कि 23 वर्षीय पीड़िता नेपाली युवती के साथ दोनों आरोपियों ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात को कथित रूप से दुष्कर्म किया था। उसने सुबह तीन बजे अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से निर्वस्त्र छलांग लगा दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया था। उन्होंने बताया कि पीड़िता फिलहाल उपचाराधीन है। बयान दर्ज कर मेडिकल करवा लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।