राजस्थान मंत्रिमंडल : 23 मंत्रियों ने ली शपथ, 17 को पहली बार मिला मौका

Summary :

राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने राजभवन में अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल के लिए 13 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण दिलाई।

राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने सोमवार को राजभवन में अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल के लिए 13 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण दिलाई। राजभवन में आयोजित समारोह में बी डी कल्ला, शांति धारीवाल, डॉ रघु शर्मा, लालचंद कटारिया, प्रमोद जैन भाया, परसादी लाल मीणा, विश्वेन्द्र सिंह, हरीश चौधरी, रमेश चंद्र मीणा, मास्टर भंवर लाल मेघवाल, प्रताप सिंह खाचरियावास, उदय लाल आंजना और सालेह मोहम्मद ने केबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।

वहीं, विधायक गोविंद सिंह डोटासरा, ममता भूपेश, अर्जुन सिंह बामणिया, भंवर सिंह भाटी, सुखराम विश्नोई, अशोक चांदना, टीकाराम जोली, भजनलाल जाटव, राजेन्द्र सिंह यादव और आरएलडी के सुभाष गर्ग ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने 17 दिसम्बर को मुख्यमंत्री पद शपथ ली थी। उसी दिन सचिन पायलट को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई जिन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। कैबिनेट में राज्यमंत्री के रूप में शामिल सुभाष गर्ग राष्ट्रीय लोकदल से है।

Rajasthan Cabinet

बता दें कि मंत्रिमंडल में एक महिला तथा एक मुस्लिम शामिल है। इनमें 18 मंत्री ऐसे है जो पहली बार इस पद पर पहुंच पाये है। सबसे ज्यादा तीन- तीन मंत्री जयपुर और भरतपुर,दौसा और बीकानेर से दो-दो तथा अलवर, चुरू, चित्तौड़गढ़, जालौर, बूंदी, अजमेर, कोटा, बाडमेर, करौली, जैसलमेर, सीकर, बांसवाड़ा एवं बारां से एक-एक मंत्री लिए गए है।

जातीय आधार पर सबसे ज्यादा जाट एवं अनुसूचित जाति के चार-चार, वैश्य, अनुसूचित जाति जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के तीन-तीन मंत्री बनाये गये है। इसके अलावा ब्रह्मण एवं राजपूत समाज के दो-दो मंत्री तथा गूर्जर एवं मुस्लिम समुदाय के एक -एक मंत्री शामिल है। शपथ ग्रहण के अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Desk Team