बीते रविवार को श्रीलंका में 8 बम धमाके हुए हैं और इन धमाकों में 180 से ज्यादा लोगों की जाने गईं हैं तो वहीं 400 से ज्यादा लोग इन धमाकों में घायल हो गए हैं। श्रीलंका में यह बम धमाके तीन गिरजाघरों और 3 होटल के आस-पास हुए हैं। यह सभी धमाके श्रीलंका के इतिहास में सबसे भयानक हमालों में से एक माने जा रहे हैं। यह धमाके स्थानीय समय के अनुसार 8 बजकर 45 मिनट पर हुए थे।
इस दौरान ईस्टर प्रार्थना सभा गिरजाघरों में हो रही थी। ईस्टर के मौके पर कोलंबो के सेंट एंथनी चर्च, पश्चिमी तटीय शहर नेगेम्बो के सेंट सेबेस्टियन चर्च और बट्टिकलोवा के एक चर्च में प्रर्थाना के समय यह धमाके हुए। इसके साथ ही बाकी तीन धमाके श्रीलंका के फाइव स्टार होटल शंगरीला, द सिनामोन ग्रांउ और द किंग्सबरी में हुए।
इन होटलों में विदेशी पर्यटक भी आए हुए थे जो इन धमाकों में घायल हो गए जिन्हें कोलंबो जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इन होटलों में स्थानीय लोग भी घायल हुए हैं जो इसी हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
श्रीलंका में हुए धमाकों के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने ट्वीट करने लोगों से शांति की अपील की और कहा, मैं इस अप्रत्याशित घटना से सदमे में हूं। सुरक्षाबलों को सभी जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने इस हमले को कायराना बताया है और कहा है, मैं श्रीलंका के नागरिकों से दुख की इस घड़ी में एकजुट और मजबूत बने रहने की अपील करता हूं। सरकार स्थिति को काबू में करने के लिए तत्काल कदम उठा रही है।
इन मशहूर हस्तियों ने जताया शोक
वहीं श्रीलंका में गिरजाघरों में हुए इन बम धमाकों ने पूरी दुनिया के लोगों और विश्व के नेताओं को दुखी और स्तब्ध कर दिया है। सोशल मीडिया के जरिए इन हस्तियों ने अपना दुख जताया है।