साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म पैडमैन में अक्षय कुमार अहम रोल में नजर आए थे। ये फिल्म अरुणाचलम मुरुगनंतम के जीवन पर आधारित थी। सेनेटरी पैड मशीन बनाने वाले अरुणाचलम मुरुगनंतम का नाम आज भी भारत के सबसे सफल सोशल आंत्रप्रेन्योर्स में शामिल हैं। अरुणाचलम ने शादी के बाद अपनी पत्नी को पीरियड के दौरान कपड़े का इस्तेमाल करते देखा था।
उस के बाद ही उन्होंने महिलाओं की समस्या को देखते हुए पैड बनाने की मशीन बनाने का फैसला लिया था। इसे लेकर उन्होंने बताया था कि ‘जब मेरी मां ने मुझे टेबल पर रखे सेनेटरी-नैपकिन के साथ देखा, तो वह चिल्लाने लगी और रोने लगी. पूरे गांव ने इकट्ठा होकर यह अफवाह फैला दी कि मैंने लड़कियों का खून पिया है।’ मगर लाख मुश्किलों के बाद भी अरुणाचलम अपने फैसले से पीछे नहीं हटें।
डायरेक्टर आर बाल्की के निर्देशन में बनी फिल्म पैडमैन में अक्षय कुमार ने अरुणाचलम का रोल प्ले किया था और पीरियड के दौरान पैड का यूज करने के लिए जागरूक किया था। इस फिल्म के बाद इंडिया में पीरियड के बारे में खुलकर बात होने लगी। पैड की जगह कपड़ा यूज करने से होने वाले संक्रमण और बीमारियों के बारे में महिलाओं को जागरूक किया जाने लगा। अब गांवों में भी लड़कियां बिना हिचकिचाए पैड का यूज करती रहती हैं।
अब ना सिर्फ महिलाएं सिर्फ इसके बारे में खुलकर बात करती हैं बल्कि इसे बनाने का काम भी करती है। ऐसा ही जागरूकता राजस्थान के पाली गांव की महिलाओं में भी आई है।अक्षय कुमार की पैडमैन फिल्म देखकर पाली की महिलाओं ने भी पैड बनाने का काम शुरू किया था। सभी पैडवुमेन मिलकर न केवल पैड बना रही हैं बल्कि उन्हें सस्ते दामों पर बेचती भी हैं। इस काम से सभी महीने का 5 से 7 हजार रुपए कमाकर घर खर्च भी चला रही हैं।