भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल जारी है। इंग्लिश टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है।ब्रिटिश कैप्टन जो रूट का यह 100वां टेस्ट है। वे यह उपलब्धि पाने वाले इंग्लैंड के 15वें क्रिकेटर हैं।चेपक स्टेडियम में खेले जा रहे इस टेस्ट में भारत 3 स्पिनर्स के साथ उतरा है। इसमें रविचंद्रन अश्विन, वॉशिंगटन सुंदर और शाहबाज नदीम शामिल हैं। जबकि, इशांत शर्मा की चोट के बाद टीम इंडिया में वापसी हुई। टॉस से पहले ही टीम इंडिया को झटका लगा। ऑलराउंडर अक्षर पटेल घुटने में चोट की वजह से पहले टेस्ट से बाहर हो गए।
जसप्रीत बुमराह पहली बार भारत में टेस्ट मैच खेल रहे हैं। वे डेब्यू से लेकर अब तक 17 टेस्ट विदेश में खेल चुके हैं। भारतीय खिलाड़ियों में उन्होंने जवागल श्रीनाथ का रिकॉर्ड तोड़ा। श्रीनाथ ने 12 टेस्ट विदेश में खेलने के बाद भारत में पहला मैच खेला था। आरपी सिंह ने 11, सचिन तेंदुलकर और आशीष नेहरा ने 10-10 टेस्ट विदेश में सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने के बाद भारत में पहला मैच खेला था।
रूट 100 टेस्ट खेलने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं। रूट फिलहाल 30 साल 37 दिन के हैं। सबसे कम उम्र में 100 टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक के नाम है। उन्होंने 28 साल 353 दिन की उम्र में 100वां टेस्ट खेला था।एमए चिदंबरम ग्राउंड (चेपक) पर इंग्लैंड की टीम भारत को 35 साल से नहीं हरा सकी है। इंग्लिश टीम ने आखिरी बार चेपक में 1985 में जीत हासिल की थी। इसके बाद भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ इस मैदान पर लगातार 3 टेस्ट जीते। भारत और इंग्लैंड के बीच चेपक में आखिरी टेस्ट 2016 में खेला गया था। तब टीम इंडिया ने इंग्लिश टीम को पारी और 75 रन से हराया था।