देश की प्रथम रक्षा पंक्ति में तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवान खेल के मैदानों में भी प्रथम पंक्ति में अपना नाम दर्ज करा रहे हैं और चीन के चेंगदू में आयोजित 18वें ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स’ में इन सीमा प्रहरियों ने अपनी क्षमता का लोहा मनवाते हुए 31 स्वर्ण सहित कुल 57 पदक जीत लिए।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने विभिन्न स्पर्धाओं में 31 स्वर्ण 17 रजत नौ कांस्य सहित कुल 57 पदक अपने नाम किए। बीएसएफ के महानिदेशक रजनी कांत मिश्र ने खिलाड़यों को उनकी इस विशेष उपलब्धि पर बधाई देते हुए बुधवार को यहां सम्मानित किया।
18वें वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भारत की ओर से कुल 122 खिलाड़यों के दल ने भाग लिया जिसमें बीएसएफ के कुल 22 खिलाड़यों को जगह दी गई। इन खेलों में सीमा सुरक्षा बल के खिलाड़यों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीते गए कुल 286 पदकों में से सर्वाधिक 57 पदक अपने नाम करते हुए कीर्तिमान स्थापित किया।
बल के निरीक्षक मंदार आनंद दिवासे और सहायक उप-निरीक्षक विनय कृष्णा ने तैराकी की विभिन्न स्पर्धाओं में पदकों की झंडा लगाते हुए अकेले ही कुल 19 पदकों को अपने नाम कर देश व सीमा सुरक्षा बल को इस खेल की प्रथम पंक्ति में ला खड़ा किया।
वहीं एथलेटिक्स में आरक्षक गोवाराम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत रूप से सर्वाधिक छह पदक अपने नाम किए। दल में शामिल बल की महिला प्रहरियों ने भी खेल के मैदान में बाजी मारते हुए विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर व्यक्तिगत रूप से कुल सात पदक झटके। खेलों की गोल्फ स्पर्धा में बल के उप-महानिरीक्षक महेंद देव सिंह ने भी स्वर्ण हासिल कर बल कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर तीरंदाजी, बॉकि्संग], शूटिंग आदि विभिन्न खेलों में पदक जीतने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से बल के मुख्यालय के प्रांगण में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें बल के महानिदेशक रजनी कांत मिश्र ने खिलाड़यों की विशेष उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।