मैनचेस्टर : खिलाड़ियों की चोटों से परेशान इंग्लैंड कमोबेश कमजोर प्रतिद्वंद्वी अफगानिस्तान के खिलाफ मंगलवार को विश्व कप के मुकाबले में टीम संयोजन दुरूस्त करके सेमीफाइनल में प्रवेश का दावा प्रबल करने के इरादे से उतरेगी। इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन को कमर में दर्द के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के दौरान मैदान छोड़कर जाना पड़ा। सलामी बल्लेबाज जासन राय को भी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण इसी मैच में मैदान से जाना पड़ा था।
मोर्गन ने वेस्टइंडीज पर मिली जीत के बाद कहा कि मुझे पहले भी इस तरह का दर्द हुआ है और ठीक होने में कुछ दिन लगते हैं। अगले 24 घंटे में पता चल जायेगा। उन्होंने कहा कि जासन की चोट का स्कैन होगा। दो खिलाड़ियों को चोट लगना चिंता का विषय है लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। मोर्गन के फिट नहीं होने पर उपकप्तान जोस बटलर टीम की कमान संभालेंगे। इंग्लैंड की बेंच स्ट्रेंथ काफी मजबूत है जिसमें टाम कुरेन और मोईन अली जैसे खिलाड़ी हैं।
पाकिस्तान से हारने के बाद इंग्लैंड ने तीनों विभागों में अपने प्रदर्शन में सुधार किया और अब वह जीत की लय कायम रखने के इरादे से उतरेगा। दूसरी ओर अफगानिस्तान पहली जीत दर्ज करने की पूरी कोशिश करेगा। दूसरी बार विश्व कप में खेल रही अफगान टीम अब तक दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया, श्रीलंका और न्यूजीलैंड से हार चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



