बीते बुधवार को भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर भारतीय क्रिकट कंट्रोल बोर्ड के भावी अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि चयनकर्ताओं से वह इस सिलसिले में 24 अक्टूबर को बात करेंगे।
बीसीसीआई के आधिकारिक तौर पर जब गांगुली अध्यक्ष बन जाएंगे तो दो दिन बाद भारत और बांग्लादेश के बीच में टी20 सीरीज के लिए 24 अक्टूबर को टीम का चुनाव होगा। बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का चुनाव पहले 21 अक्टूबर को हो रहा था।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत तीन मैचों की टी20 सीरीज अपने घर में खेलेगी और यह सीरीज नवंबर में खेली जाएगी। टी20 सीरीज के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। महेंद्र सिंह धोनी ने विश्वकप के बाद क्रिकेट से कुछ समय का ब्रेक लिया हुआ है।
इस दौरान वह वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं बने। बंगाल क्रिकेट संघ मुख्यालय में सौरव गांगुली ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं जब चयनकर्ताओं से 24 अक्टूबर को मिलूंगा तो मैं इस पर बात करूंगा कि वे लोग क्या सोच रहे हैं। इसके बाद मैं अपने विचार रखूंगा।
सौरव गांगुली से जब मीडिया ने यह सवाल किया कि क्या कोई क्रिकेटर इतना लंबा ब्रेक ले सकता है ताे इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, जब ऐसा हुआ तो मैं भूमिका में नहीं था। चयनकर्ताओं से मेरी पहली बैठक 24 अक्टूबर को होनी है।
धोनी के संन्यास पर गांगुली ने कहा कि धोनी से ही वह पूछना चाहते हैं कि धोनी क्या चाहते हैं। गांगुली ने कहा, देखते हैं कि धोनी क्या चाहते हैं। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली से सौरव गांगुली 24 अक्टूबर को मिलेंगे।