इंटरनेशनल पॉपस्टार रिहाना आज सुबह से ही देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल रिहाना ने देश में पिछले 70 दिनों से चल रहे किसान अंदोलन कर रहे किसानों को अपना सपोर्ट दिया है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन स्थल पर इंटरनेट बंद करने की आलोचना की। रिहाना के इस तरह भारत में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन करने पर सेलिब्रिटीज और आम लोग दो धड़ों में बंट गए हैं।
ऐसे में जब किसान आंदोलन पर रिहाना ने ट्विटर पर अपनी बात कहीं तो कुछ लोगों ने उनका विरोध किया तो कुछ ने उनकी तारीफ भी की है। लेकिन इस कड़ी में टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने उन्हें करारा जवाब दिया है।
मालूम हो 32 वर्षीय पॉप स्टार रिहाना विश्व स्तर की पहली स्टार हैं, जिन्होंने किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। रिहाना ने हरियाणा के कई जिलों में इंटरनेट बंद होने पर एक न्यूज वेबसाइट की खबर को शेयर करते हुए किसानों का पक्ष लिया है। इस दौरान रिहाना ने लिखा, ‘हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं?’ इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्वीट में #FarmersProtest को भी दर्ज किया है।
हालांकि बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर और दिलजीत दोसांझ ने रिहाना के ट्वीट की प्रशंसा की, वहीं दूसरी तरफ अभिनेत्री कंगना रनौत और बीजेपी नेता मनोज तिवारी के बाद अब पूर्व भारतीय गेंदबाज प्रज्ञान ओझा ने भी रिहाना के इस ट्वीट पर जवाब दिया है और इसकी आलोचना की।
रिहाना की बात से नाखुश हुए ओझा
रिहाना द्वारा किसान आंदोलन को लेकर की गई बात पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को बिलकुल नहीं पसंद आई और रिहाना के इसी ट्वीट का जवाब उन्होंने बेहद तीखे अंदाज में दिया है। प्रज्ञान ओझा ने ट्वीट करते हुए लिखा- मुझे विश्वास है कि यह मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। मेरा देश हमारे किसानों पर गर्व करता है और जानता है कि वे कितना महत्वपूर्ण हैं। हमें हमारे अंदरूनी मामलों में किसी बाहरी व्यक्ति के नाक घुसेड़ने की जरूरत नहीं है।
बता दें,टीम इंडिया के स्पिनर रहे प्रज्ञान ओक्षा ने फरवरी 2020 में अन्तरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। ओझा ने अपनी आखिरी अन्तरराष्ट्रीय मैच साल 2013 में मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। खास बात इसी मुकाबले में प्रज्ञान ओक्षा को मैन ऑफ द मैच चुना गया था। गेंदबाज ने पहली पारी और दूसरी पारी में पांच विकेट झटकाएं थे।