भारतीय टेस्ट टीम के विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के सिलीगुड़ी स्तिथ पैतृक घर में शुक्रवार को चोरी की कोशिश की गयी इस बात जानकारी खुद ऋद्धिमान साहा ने दी है। आपको बता दें कि ऋद्धिमान साहा अब दक्षिण कोलकाता में अपने परिवार के साथ रहते हैं। साहा ने बताया कि घटना के समय घर में कोई नहीं था। पास में रहने वाले साहा के चाचा ने चोरी की कोशिश नाकाम कर दी और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसमें लगभग छह बदमाश शामिल थे जो कार से फरार हो गये।
खिलाड़ी ने कहा ‘‘ यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने ऐसी चोरी के बारे में सिर्फ बचपन में सुना है। उम्मीद है पुलिस इस मामले को गंभीरता से देखेगी।’’ साहा के बड़े भाई मुंबई में काम करते है जबकि उनके माता-पिता देशव्यापी बंदी (लॉकडाउन) के कारण कोलकाता में उनके साथ फंस गये है। साहा ने कहा, ‘‘ बदमाशों को शायद इसके बारे में पता था। वे शुक्रवार की रात लगभग दो बजे पिछले दरवाजे से घुसे थे।’’उनके घर में सीसीटीवी लगा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।