भारतीय हॉकी के दिग्गज सीनियर खिलाड़ी बलबीर सिंह का आज 96 साल की उम्र में निधन हो गया। दो सप्ताह से अधिक समय तक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझने के बाद सोमवार को अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। बलबीर के निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों और शख्सियतों ने उनके निधन पर शोक जताया है। वहीं, भारत के महान एथलीट मिल्खा सिंह ने अपने मित्र (बलबीर सिंह) के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ध्यानचंद के बाद भारतीय हॉकी में कोई महान खिलाड़ी कहलाने का हकदार है तो वह बलबीर सिंह सीनियर ही थे।
पूर्व हॉकी कप्तान बलबीर सिंह सीनियर ने सोमवार की सुबह शहर के अस्पताल में अंतिम सांस ली। बलबीर और मिल्खा अपने खेल में देश के लिये साथ ही शीर्ष स्तर पर खेले और यहां तक कि 1960 के दशक में पंजाब खेल विभाग में भी साथ ही काम करते थे। मिल्खा ने कहा, ‘‘मेरा उनके साथ बहुत करीबी जुड़ाव था। तब पंजाब के मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों ने हमें खेल विभाग में शामिल किया था जिसमें हम उप निदेशक के तौर पर जुड़े थे। ’’
नब्बे वर्षीय मिल्खा ने कहा, ‘‘हम तीन दशक तक विभाग से जुड़े रहे जिसमें हमने खेल की टीम और साथ ही शारीरिक शिक्षा टीम के लिये काम किया।’’उन्होंने कहा, ‘‘हम बहुत अच्छे मित्र थे। वह मेरे काफी करीब थे और मुझे बहुत दुख हो रहा है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं। ध्यानचंद के बाद अगर कोई महान हॉकी खिलाड़ी था तो वह बलबीर सिंह सीनियर थे। ’’