भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में एक खास उपलब्धि हासिल की है। रोहित ने मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में 13 गेंदों में 22 रन बनाये जिसमें उन्होंने 1 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। अपनी इसी पारी को खेलने के बाद रोहित टी20 प्रारूप में 400 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
इस मुकाबले से पहले रोहित के नाम t20 क्रिकेट में 398 छक्के थे। जिसको अब उन्होंने पूरा कर लिया है। हिटमैन ने 355 मैच में 400 छक्के जड़े हैं। ऐसे में रोहित ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर एरोन फिंच को भी पछाड़ दिया है, जिन्होंने टी20 फोर्मेट में 399 छक्के लगाए हैं। वहीं रोहित ऐसा खास रिकॉर्ड बनाने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज बने हैं।
बता दें, रोहित ने इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में भी भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं, हिटमैन के नाम 111 मैचों में 133 छक्के हैं। जबकि इस मामले में वो न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल (147 छक्के) के बाद विश्व के दूसरे बल्लेबाज भी हैं।
मुंबई इंडियंस को मिली जीत
आईपीएल 2021 के 51वें मैच में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हरा दिया। मुंबई की तूफानी गेंदबाजी के सामने राजस्थान रॉयल्स निर्धारित 20 ओवर खेलने के बाद 9 विकेट गवाकर सिर्फ 90 रन ही जोड़ पाई।