नई दिल्ली : अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने गोल्ड कोस्ट में होने वाले 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के लिये 18 सदस्यीय भारतीय पुरूष हाकी टीम में वापसी की है जबकि पूर्व कप्तान सरदार सिंह को बाहर कर दिया गया है। भारतीय टीम की कप्तानी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह करेंगे। भारत को पूल बी में पाकिस्तान, मलेशिया, वेल्स और इंग्लैंड के साथ रखा गया है। भारत को पहला मैच सात अप्रैल को पाकिस्तान से खेलना है। मनप्रीत टीम के कप्तान होंगे जबकि चिंगलेनसना सिंह उपकप्तान रहेंगे। मनप्रीत की कप्तानी में भारत ने 2017 एशिया कप में स्वर्ण और भुवनेश्वर में हॉकी विश्व लीग फाइनल में कांस्य पदक जीता था। अनुभवी गोलकीपर श्रीजेश चोट से उबरकर लौटे हैं । न्यूजीलैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने टीम में अपना स्थान फिर हासिल किया।
उनका साथ 22 बरस के सूरज करकेरा देंगे जिन्होंने श्रीजेश की गैर मौजूदगी में पिछले साल भुवनेश्वर में अच्छा प्रदर्शन किया। अजलन शाह कप में खराब प्रदर्शन के बाद सरदार का बाहर होना तय था हालांकि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद रमनदीप सिंह को नहीं चुना जाना हैरानी भरा फैसला है। युवा दिलप्रीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद को भी न्यूजीलैंड दौरे पर अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।