न्यू जीलैंड के खिलाफ धमाकेदार 80 रन की पारी के दौरान रोहित शर्मा ने एक और रिकॉर्ड बनाया। अब वे भारत की ओर से टी-20 क्रिकेट (IPL सहित सभी प्रकार के टी-20 क्रिकेट में) में सबसे अधिक छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सुरेश रैना का रिकॉर्ड तोड़ा। इस मैच से पहले रोहित के नाम 264 छक्के थे और वे रैना से सिर्फ एक कदम पीछे थे। फिरोज शाह कोटला मैदान पर उन्होंने अर्धशतकीय पारी के दौरान 4 छक्के लगाए। इस तरह रोहित के नाम 257 मुकाबले में 268 छक्के हो गए हैं।
मिडल ऑर्डर के दिग्गज बैट्समैन सुरेश रैना ने 259 मुकाबले में 265 छक्के लगाए हैं। ओवरऑल देखा जाए तो वर्ल्ड रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 309 मुकाबलों में 772 छक्के लगाए हैं।
सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की भारतीय लिस्ट में तीसरा नंबर ऑलराउंडर युवराज सिंह का आता है। उन्होंने 206 मैच में 244 छक्के लगाए हैं।
चौथा नंबर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का है। उनके नाम 269 मैच में 227 छक्के हैं। ये छक्के उन्होंने आईपीएल और इंटरनैशनल क्रिकेट में लगाए हैं।
गुजरात के धाकड़ बल्लेबाज युसूफ पठान ने 232 मैचों में 221 छक्के लगाए हैं। उनका नंबर 5वां है।
इस लिस्ट में कप्तान विराट कोहली छठे नंबर पर हैं। उन्होंने 224 मुकाबलों में 218 छक्के लगाए हैं। वे धोनी और पठान से कुछ ही कदम पीछे हैं।