शारजाह : एएफसी एशिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट के मैच सोमवार को यहां बहरीन ने अंतिम क्षणों में जमाल रशीद की पैनल्टी की बदौलत भारत को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर दिया। भारतीय टीम ने पूरे मैच के दौरान बहरीन को कड़ी टक्कर दी और दोनों टीमें अंतिम क्षणों तक कोई गोल नहीं कर सकी थी। भारत ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 4-1 से हराया था लेकिन वह मेजबान यूएई से 0-2 से हार गया था। भारत इस मैच में जीत से नाकआउट में जगह बना लेगा।
भारत को शुरू में रक्षक अनस इथाहोडिका के चोटिल होने से झटका लगा और चौथे मिनट में ही कोच स्टीफन कान्सटेनटाइन को उनकी जगह एस रंजन सिंह को उतारना पड़ा। भारत को रक्षापंक्ति में अनस की कमी खली लेकिन इस फुटबॉल मैच के कप्तान प्रणय हल्दर ने अच्छा खेल दिखाकर कम से कम दो अवसरों पर बहरीन के हमलों को नाकाम किया। दोनों टीमों ने शुरू में आक्रामक रवैया अपनाया और एक दूसरे पर कुछ अच्छे हमले किये।
भारत के पास 13वें मिनट में मौका था जब हालीचरण नरजारी के क्रास को बहरीन के खिलाड़ियों ने बचा दिया लेकिन प्रीतम कोटाल ने गेंद पर कब्जा करके उसके आशिक कुरूनियान की तरफ बढ़ाया। उनका हेडर हालांकि बहरीन के गोलकीपर सैयद शुब्बार ने आसानी से बचा दिया। भारतीय टीम हावी होकर खेल रही थी। खेल के 28वें मिनट में हल्दर, उदांता सिंह, आशिक और नरजारी अच्छा तालमेल बनाकर बहरीन के गोल की तरफ बढ़े।
हल्दर ने आखिर में नरजारी को गेंद दी जिन्होंने उसे बाक्स में सुनील छेत्री के पास भेजा लेकिन हमद अल शमसान ने बहरीन पर आया यह संकट टाल दिया। बहरीन आधा घंटे का खेल होने के बाद अधिक आक्रामक दिखायी दिया। वह 33वें मिनट में पहली बार गोल करने की स्थिति में पहुंचा लेकिन संदेश झिंगान ने बेहतरीन बचाव करके भारत को सुरक्षित रखा।
तब अहमद जुमा ने बाक्स के अंदर मोहम्मद अल रोमेही को गेंद थमायी थी। इसके बाद 39वें मिनट में हल्दर ने अच्छा बचाव किया। हल्दर ने कप्तानी की अपनी भूमिका से पहले हाफ के इंजुरी टाइम में भी पूरी तरह से न्याय किया जब उन्होंने जुमा के कार्नर को हेडर से बचाकर मध्यांतर तक मैच को गोलरहित बराबरी पर रखा।


Download Android App
Download iOS App



