मैड्रिड : बार्सिलोना की रियाल सोसिदाद के खिलाफ सत्र के आखिरी ला लीगा मैच में 1-0 की रोमांचक जीत के साथ स्टार स्ट्राइकर लियोनल मैसी ने भी पांचवीं बार यूरोपियन गोल्डन शू खिताब अपने नाम कर लिया है। अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने वर्ष 2017-18 सत्र में कुल 68 अंक जीते। वह अपने सर्वाधिक 34 गोल की बदौलत पांचवीं बार गोल्डन शू अवार्ड के हकदार बन गये। मैसी को इससे पहले वर्ष 2010, 2012,2013 और 2017 में भी गोल्डन शू अवार्ड मिला था और वह यह उपलब्धि अपने नाम करने वाले दुनिया के पहले फुटबालर हैं।
गोल्डन शू अवार्ड खिलाड़ियों को अंकों के आधार पर दिया जाता है जिसमें जर्मन, स्पेनिश, इंग्लिश, इटालियन और फ्रेंच लीग में किये गये गोल के लिये दो-दो अंक मिलते हैं जबकि आस्ट्रिया, बेल्जियम, क्रोएशिया, स्कॉटलैंड, यूनान, हॉलैंड, इजरायल, नोर्वे, पोलैंड, पुर्तगाल, रूस, सर्बिया, स्विटजरलैंड, तुर्की और यूक्रेन की लीगों में गोल करने पर 1.5 अंक मिलता है।
वहीं किसी अन्य यूरोपियन लीग में गोल के लिये एक अंक मिलता है। सर्वाधिक गोल के लिये गोल्डन शू अवार्ड की होड़ में लीवरपूल के मोहम्मद सलाह अन्य खिलाड़ी थे जिन्हें 68 अंक मिले लेकिन वह मैसी से दो गोल से पीछे 32 गोल पर रहकर जीत से चूक गये। वहीं टोटेनहैम के हैरी केन को 60 अंक मिले जिनके नाम 30 गोल रहे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



