सिंधू, साइना, श्रीकांत और प्रणय को मिले 80-80 लाख

Summary :

सिंधू, साइना, शीर्ष पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और प्रणय को प्रीमियर बैडमिंटन लीग के चौथे संस्करण के लिए हुई नीलामी में 80-80 लाख रुपये की कीमत मिली।

नई दिल्ली : ओलम्पिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू, राष्ट्रमंडल खेल स्वर्ण विजेता साइना नेहवाल, शीर्ष पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और एचएस प्रणय को प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के चौथे संस्करण के लिए सोमवार को हुई नीलामी में 80-80 लाख रुपये की कीमत मिली है। इस साल लीग में नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं और इस साल की नई टीम पुणे 7 एसेज भी नीलामी में उतरी। नीलामी के पहले दौर में नौ आइकन खिलाड़यों को उतारा गया जिनमें से एक को छोड़कर शेष आठ आइकन खिलाडियों को 80-80 लाख रुपये मिले।
कोरिया के सोन वान सो को अवध वारियर्स ने 70 लाख रुपये में खरीदा।

नीलामी में हर टीम के पास खर्च करने के लिए होंगे 2.6 करोड़ रुपये थे और वे एक खिलाड़ी पर अधिकतम 80 लाख रुपये खर्च कर सकते थे। नौ टीमों ने आइकन खिलाडियों को खरीदने पर सबसे ज्यादा राशि खर्च की। सिंधू को हैदराबाद हंटर्स, साइना को नार्थ ईस्टर्न वारियर्स, श्रीकांत को बेंगलुरू रैप्टर्स और प्रणय को दिल्ली डैशर्स ने 80-80 लाख रुपये में खरीदा। ओलम्पिक चैंपियन स्पेन कैरोलिना मारिन को नयी टीम पुणे 7 एसेज, वर्ल्ड नम्बर-1 डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन को अहमदाबाद स्मैश मास्टर्स, कोरिया के सुंग जी ह्यून को चेन्नई स्मैशर्स और ली चोंग वेई को मुम्बई रॉकेट्स ने 80-80 लाख रुपये की कीमत पर खरीदा।

16 दिसंबर को शादी करेंगे साइना-कश्यप

पीबीएल में 2015 के बाद पहली बार नीलामी में सभी बड़े खिलाड़ी शामिल हुए और इस साल रिटेंशन का नियम नहीं रखा गया। नीलामी में कुल 145 खिलाड़ियों की बोली लगी और 23 देशों के खिलाड़ी नीलामी में शामिल हुए। चौथा संस्करण 22 दिसम्बर, 2018 से 13 जनवरी, 2019 तक आयोजित होगा। बीएआई अध्यक्ष तथा पीबीएल के चेयरमैन हिमंता बिस्वा सरमा इस साल नीलामी में शामिल खिलाड़यों की गुणवत्ता को लेकर काफी खुश दिखे। सरमा ने कहा कि पीबीएल में टॉप खिलाड़ियों की बढ़ती दिलचस्पी यह साबित करती है कि इस टूर्नामेंट का कद बढ़ रहा है और यह बहुत कम समय में एक ग्लोबल ब्रांड बन गया है।

Desk Team