दुबई : भारत अगर 12 जुलाई से शुरू होने वाली तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड को 3-0 से हरा देता है तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की वनडे रैकिंग में शीर्ष पर पहुंच जाएगा। इंग्लैंड और भारत अभी वनडे रैंकिंग में क्रमश : पहले और दूसरे स्थान पर हैं। इन दोनों के बीच पहला वनडे गुरुवार को नाटिंघम में होगा।
इस मैच से एक महीने तक चलने वाले एकदिवसीय मैचों की शुरुआत भी होगी। इस दौरान कुल दस टीमें इस प्रारूप में खेलेंगी। इंग्लैंड को टी 20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 2-1 से हराने वाले भारत ने दो मई को वार्षिक अपडेट के बाद अपनी शीर्ष रैंकिंग गंवा दी थी लेकिन उसके पास फिर से इसे हासिल करने का मौका है।
आईसीसी की विज्ञप्ति के अनुसार इसके लिये उसे इंग्लैंड को 3-0 से हराना होगा। दूसरी तरफ इंग्लैंड अगर इसी अंतर से जीत दर्ज करता है तो वह शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर देगा और उसकी बढ़त दस अंक की हो जाएगी।
भारत और इंग्लैंड के बीच श्रृंखला 17 जुलाई को समाप्त होगी। इस बीच जिम्बाब्वे पांच मैचों के लिये पाकिस्तान की मेजबानी करेगा। ये मैच 13 से 22 जुलाई के बीच खेले जाएंगे। वेस्टइंडीज 22 से 28 जुलाई के बीच बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे खेलेगा।
श्रीलंका 29 जुलाई से 12 अगस्त के बीच पांच मैचों के लिये दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगा जबकि नीदरलैंड अपनी सरजमीं पर नेपाल के खिलाफ दो वनडे खेलेगा। नेपाल एक अगस्त को नीदरलैंड के खिलाफ वनडे में पदार्पण भी करेगा। इस बीच खिलाड़ियों के पास भी अपनी रैंकिंग में सुधार का मौका रहेगा। भारतीय कप्तान विराट कोहली अभी 909 अंक के साथ बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। वह दूसरे नंबर पर काबिज पाकिस्तान के बाबर आजम से 96 अंक आगे हैं।
भारत के चौथी रैंकिंग के रोहित शर्मा टी 20 की अपनी फार्म को वनडे में भी बरकरार रखना चाहेंगे। इंग्लैंड के छठी रैंकिंग के जो रूट के पास रास टेलर को पीछे छोड़ने का मौका रहेगा। गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज जसप्रीत बुमराह उंगली की चोट के कारण श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे जिससे अन्य को अंतर कम करने का मौका मिलेगा। तीसरे नंबर पर काबिज हसन अली फिर से शीर्ष पर पहुंचने की कोशिश करेंगे।


Download Android App
Download iOS App









