सीमा पार आतंकवादियों के गढ को ध्वस्त करने वाली ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जाने वाली सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख का कार्यभार आज संभाल लिया।
सेना के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने आज उत्तरी कमान का काम संभाल लिया। उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अंबू की जगह यह जिम्मेदारी दी गयी है जिन्हें सेना उप प्रमुख बनाया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह पंजाब के जालंधर जिले के रहने वाले हैं और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी पुणे के कैडेट रहे हैं। अभी वह सेना मुख्यालय में डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सूचना प्रणाली और प्रशिक्षण ) हैं।
इससे पहले वह सेना की स्ट्राइक कोर के प्रमुख भी रह चुके हैं। उन्हें आतंककाद रोधी अभियानों में महारत हासिल है और सूत्रों के अनुसार जनरल बिपिन रावत के सेवा निवृत होने के बाद उन्हें सेना प्रमुख के दावेदारों में अग्रणी माना जा रहा है।
जम्मू कश्मीर के उड़ में सेना के शिविर पर आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना ने 29 सितम्बर 2016 सीमा पार आतंकवादियों के गढ में जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी जिसमें बडी संख्या में आतंकवादी मारे गये थे। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह उस समय सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) थे और उन्होंने ही दुनिया भर के सामने एलान किया था कि भारत ने आतंकवादियों को करारा जवाब देते हुए उन्हें उनके ही गढ में जाकर मारा है।
ले. जनरल सिंह के डीजीएमओ रहते हुए ही भारतीय सेना ने म्यांमार की सीमा में कार्रवाई कर बडी संख्या में नगा विद्रोहियों का खात्मा किया था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।