हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव आज राज्य विधानसभा भंग करने का ऐलान कर सकते हैं ताकि इस साल के अंत में चार राज्यों में होने वाले चुनाव के साथ ही यहां भी चुनाव कराया जा सके। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेकर राव आज एक विशाल रैली में इसका ऐलान कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि आज मुख्यमंत्री केसी राव कैबिनेट की बैठक में आज फैसला लेंगे, जो आज दोपहर एक बजे प्रस्तावित है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद होने वाली ऐतिहासिक और विशाल रैली में वह इसकी घोषणा भी करेंगे। हालांकि, समय से पहले चुनाव के बारे में कोई आधिकारिक खबर नहीं आयी है और ऐसे में सभी निगाहें मुख्यमंत्री और टीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव पर टिक गयी है कि आज की सभा में वह क्या बोलेंगे।
सूत्रों का कहना है कि बैठक के बाद ही जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जनसभा के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं और उम्मीद है कि इस जनसभा में 25 लाख लोग हिस्सा लेंगे। जनसभा के लिए पार्टी ने दो हजार एकड़ की जमीन की भी पहचान कर ली है, जो रंगा रेड्डी जिले में होगा. तेलंगाना विधानसभा के चुनाव अगले साल आम चुनाव के साथ होने हैं।
केटीआर के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री के बेटे और आईटी मिनिस्टर केटी रामा राव ने कहा कि ‘आप हमारे पार्टी नेता द्वारा महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणाओं की उम्मीद कर सकते हैं और इस बैठक के बाद, राज्य में राजनीतिक माहौल निश्चित रूप से गर्म हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने तेलंगाना विधानसभा भंग होने और इसी साल के अंत में चुनाव होने की खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की।
बता दें कि के चंद्रशेखर राव की तेलंगाना राष्ट्र समिति या टीआरएस सरकार की अवधि मई 2019 तक है और अनुसूची के अनुसार चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ होना है। खास बात है कि 2 सितंबर तेलंगाना राज्य के गठन की चौथी सालगिरह है और सत्तारूढ़ टीआरएस लोगों को अपनी उपलब्धियों की एक रिपोर्ट कार्ड पेश करके चार साल के शासन को दिखाना चाहती है।
वहीं, इसके अलग बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने भी तेलंगाना में अपने पार्टी के नेताओं को बताया है कि राज्य में इस साल के अंत में चुनाव होंगे और उन्हें इसके लिए तैयार रहना होगा।


Download Android App
Download iOS App



