कांग्रेस ने लड़ाकू विमान राफेल के हजारों करोड़ रुपए के सौदे में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आज कहा कि इसकी जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन चलाया जाएगा।
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस के महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं की एक बैठक हुई है जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। उन्होंने बताया कि बैठक में देश के राजनीतिक हालात पर भी व्यापक चर्चा की गई।
राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार पर पर्दा डाल रही है। राफेल सौदे में भ्रष्टाचार का खेल हुआ है और‘चौकीदार अब भागीदार’बन गए हैं। पार्टी को इसकी जानकारी देश को देनी चाहिए और जनता को इस संबंध में जागरुक करना चाहिए।
‘सोने को चिड़िया’ भारत को पिंजरे में कैद करना चाहती है भाजपा : राहुल गांधी
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि बैठक में राफेल सौदे में हु्ए भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। यह आंदोलन खंड तथा जिला स्तर से लेकर प्रांतीय स्तर तक एक महीने चलेगा और इसमें मोदी सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी राफेल सौदे की स्वतंत्र जांच के लिए जेपीसी के तुरंत गठन की मांग करती है। इसे लेकर व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा। पार्टी राफेल सौदे तथा भ्रष्टाचार के अन्य मामलों का खुलासा करने के लिए एड़ चोटी का जोर लगा देगी।
पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के केन्द्रीय नेता, प्रभारी और महासचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, विधायक दल के नेता प्रत्येक जिले और प्रांत में जाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि देश को राफेल घोटाले तथा मोदी सरकार के भ्रष्टाचार की सच्चाई पता चले और ये सबके सामने आए।