चेन्नई : पार्टी प्रमुख एम. करुणानिधि के निधन के बाद द्रमुक ने मंगलवार रात एक सप्ताह लंबे शोक की घोषणा करते हुए कहा कि इस दौरान पार्टी का झंडा आधा झुका रहेगा। जुलाई 1969 से करीब आधी सदी तक पार्टी प्रमुख और पांच बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे अपने नेता को “ऐतिहासिक हीरो” बताते हुए द्रमुक ने एक विज्ञप्ति में कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रम और आयोजन एक सप्ताह के लिए स्थगित किए जाते हैं।
पार्टी कार्यकर्ता अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में गोपालपुरम स्थित उनके आवास पर पहुंचे हैं। अलवरपेट स्थित कावेरी अस्पताल से आवास तक करुणानिधि के पार्थिव शरीर के साथ-साथ हजारों की संख्या में द्रमुक कार्यकर्ता साथ चल रहे थे। इस बीच द्रमुक के कार्यवाहक प्रमुख और करूणानिधि के पुत्र एम. के. स्टालिन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।
अंतिम दर्शन के लिए राजाजी हॉल में रखा जाएगा करूणानिधि का पार्थिव शरीर
स्टालिन ने कार्यकर्ताओं से अनुरोध करते हुए कहा, “मैं पार्टी पदाधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे सुनिश्चित करें कि सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौटें।” उन्होंने अनुरोध किया कि कार्यकर्ता ऐसा कोई काम ना करें जिससे दिवंगत नेता का नाम खराब हो या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व मौजूदा हालात का नाजायज फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं, ऐसे में कार्यकर्ता उनकी पहचान करें और उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दे।


Download Android App
Download iOS App



