शोपियां मुठभेड़ : सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को किया ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

Summary :

दक्षिण कश्मीर के शोपियां में बुधवार को सुरक्षा बलों के घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान हुए मुठभेड़ में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी मारे गये।

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान हुए मुठभेड़ में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी मारे गये। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शोपियां के मामीन्दर गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राइफल, राज्य पुलिस के विशेष अभियान समूह तथा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने तड़के इलाके में तलाश अभियान शुरू किया।

Shopian Encounter

सभी निकास बिंदुओं को सील करने के बाद आगे बढ़ रहे सुरक्षा बलों के जवानों पर आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी। जब सुरक्षा बल के जवान एक खास इलाके की ओर बढ़ रहे थे तो आतंकवादियों ने फिर से गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए। दोनों आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय सदस्य बताये जाते हैं।

Shopian Encounter

सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी अब रूक गई है लेकिन सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान जारी रखा है। लोगों से मुठभेड़ स्थल के आस-पास नहीं आने की अपील की गई है। इस बीच अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर इलाके की तमाम मोबाइल इंटरनेट सेवा को स्थगित कर दिया गया है।

Desk Team