बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण छठ पूजा आज उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों का भास्कर उपासना का महापर्व संपन्न हो गया। मंगलवार की शाम को व्रतियों ने बिहार की राजधानी पटना में गंगा किनारे और राज्य के विभिन्न इलाकों में अन्य नदियों, तालाबों और जगह-जगह बनाए पानी के कुंड में खडे़ होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परिवार में भी महिलाओं ने छठ पर्व के अवसर पर व्रत रखा था। नीतीश ने अपने परिजनों के साथ मुख्यमंत्री आवास परिसर में बनाए गए पानी के कुंड में खडे़ होकर, व्रतियों को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने में सहयोग किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के रिश्तेदार तथा अन्य करीबी लोग उपस्थित थे।
छठ पूजा : दिल्ली में मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश, बंद रहेंगे स्कूल और सरकारी दफ्तर
भगवान भास्कर की उपासना का महापर्व छठ गत 11 नवंबर को नहाय खाय के अनुष्ठान के साथ शुरू हुआ था। अगले दिन यानि 12 नवंबर को व्रतियों ने निर्जला उपवास रखकर खरना के तहत दूध, अरवा चावल तथा गुड़ से बनी खीर एवं रोटी के प्रसाद का भोग लगाया।
फिर व्रतियों का 36 घंटों का निर्जला उपवास शुरू हुआ जो कल शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य तथा आज उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ पूरा हुआ।


Download Android App
Download iOS App



