दिनहाटा : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘ एक्सपायरी बाबू’ करार दिया। साथ ही ममता ने प्रधानमंत्री द्वारा उन पर राज्य के विकास पथ का ‘गतिअवरोधक’ होने को लेकर लगाये गए आरोप पर कड़ा प्रतिवाद किया।
कूच बिहार जिले में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में उनकी सरकार ने लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि उनके शासन में बंगाल में किसानों की आय में तीन गुना वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री मोदी का ‘एक्सपायरी बाबू’ और ‘एक्सपायरी पीएम’ के रूप में मजाक उड़ाते हुए ममता बनर्जी ने उन्हें टीवी पर या जनसभा में खुली बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा ‘ मैं मोदी नहीं हूं, मैं झूठ नहीं बोलती’।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यों को लेकर झूठ बोला है। उन्होंने दावा किया कि मोदी के शासन में देश में 12,000 किसानों ने खुदकुशी की। तृणमूल सुप्रीमो का यह पलटवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सिलीगुड़ी और कोलकाता में भाजपा की रैली के दौरान किए गए हमलों के बाद आया है।


Download Android App
Download iOS App



