पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र एवं पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत, राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में मानवेंद्र सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
मानवेंद्र सिंह के अलावा महाराष्ट्र से बीजेपी के विधायक आशीष देशमुख भी कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस में शामिल होने से पहले मानवेंद्र सिंह ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं का कांग्रेस में स्वागत करते हुए गहलोत ने कहा, ”मानवेंद्र सिंह और आशीष देशमुख बीजेपी छोड़कर शामिल हुए हैं।
देश में तानाशाही चल रही है। सिर्फ दो लोगों .. अमित शाह और नरेंद्र मोदी का शासन चल रहा है। बीजेपी में लोग परेशान हैं। बीजेपी के बहुत सारे नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं।” गहलोत ने आरोप लगाया कि जसवंत सिंह का बीजेपी ने अपमान किया है। हाल ही में मानवेंद्र सिंह ने बाड़मेर के पचपदरा में स्वाभिमान रैली की थी और बीजेपी छोड़ने का ऐलान किया था।