मुंबई के मलाड पश्चिम में आज एक सूटकेस से मॉडल का शव बरामद किया गया। 20 साल की मॉडल का शव मिलने के 4 घंटे के अंदर ही बांगुर नगर पुलिस ने हत्या के आरोप में सेकंड ईयर के स्टूडेंट को गिरफ्तार कर लिया जो मिल्लत नगर अंधेरी (पश्चिम) में रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या के आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार मानसी दीक्षित पेशे से मॉडल हैं और मुंबई में एक इवेंट कंपनी में पार्टनर भी बताई जा रही हैं। सोमवार को मानसी अपने दोस्त मुजम्मिल इब्राहिम के घर पर गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया और इब्राहिम ने मॉडल की हत्या कर दी। मानसी राजस्थान के कोटा से ताल्लुक रखती थी और पिछले 6 महीने से अंधेरी (पश्चिम) में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि सईद और मानसी के बीच दोस्ती एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। पुलिस ने बताया कि उसे जैसे ही सूटकेस मिलने की खबर मिली तो वह मौके पर पहुंचे। बैग के अंदर एक महिला की लाश थी जिसके सिर पर चोट थी। उसके शव को कुशन और बेडशीट से कवर किया हुआ था।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में उन्हें एक कार दिखी जिसके अंदर बैठे एक शख्स ने सड़क किनारे सूटकेस फेंका था। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे उसकी बिल्डिंग से गिरफ्तार किया गया।