तिरुवनंतपुरम : केरल में भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उस टिप्पणी के लिए आलोचना की है कि नरेंद्र मोदी नीत सरकार दक्षिण भारत को नजरंदाज कर रही है।
भाजपा ने कहा कि यह आरोप गांधी की ‘‘बांटने वाली राजनीति’’ का हिस्सा है। साथ ही भाजपा ने गांधी की वायनाड लोकसभा सीट से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के समर्थन से आम चुनाव लड़ने के लिए आलोचना की है।
भाजपा प्रदेश प्रमुख पी एस श्रीधरन पिल्लई ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि आईयूएमएल और कम्युनिस्ट पार्टी ने देश के विभाजन का पक्ष लिया था।
पिल्लई ने आरोप लगाया जब देश को स्वतंत्रता मिली तब कम्युनिस्ट देश को 16 संप्रभु गणराज्यों में बांटना और एक जनमत संग्रह चाहते थे।
इमरान के ट्वीट के बाद भाजपा ने कहा कि विपक्ष आतंकवाद को पनाह देने वालों के हाथ मजबूत कर रही
उन्होंने कहा, ‘‘गांधी का यह आरोप कि मोदी सरकार दक्षिण भारत को नजरंदाज कर रही है, बांटने वाली राजनीति है। यहां तक कि कांग्रेस पार्टी ने भी अभी तक ऐसा आरोप नहीं लगाया है।’’
पिल्लई ने कहा कि कांग्रेस का अपने पार्टी प्रमुख को उस आईयूएमएल के समर्थन से किसी सीट से खड़ा करने का निर्णय ‘‘गलत’’ है जिसने कथित रूप से बंटवारे का पक्ष लिया था। उन्होंने कहा कि बंटवारे के बुरे प्रभावों को झेलने वाले लोग इस कदम को ‘‘गंभीर चिंता’’ के साथ देख रहे हैं।
गांधी ने कहा था, ‘‘दक्षिण भारत में एक बहुत मजबूत भावना है कि वर्तमान सरकार उन्हें (साथ) लेकर नहीं चल रही है। दक्षिण भारत को श्री नरेंद्र मोदी से दुश्मनी महसूस होती है, उन्हें लगता है कि उन्हें देश के फैसलों में शामिल नहीं किया जा रहा है।’’
पिल्लई ने आरोप लगाया कि राज्य में माकपा नीत एलडीएफ सरकार ‘‘राजनीतिक बदले की कार्रवाई’’ के तहत सबरीमला में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे को लेकर पार्टी के नेताओं और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले थोप रही है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यह अवैध एवं अनैतिक और आपराधिक कानून का दुरुपयोग है।’’


Download Android App
Download iOS App



