आपके दिलों के साथ-साथ मेरे दिल में भी आग दहक रही है : PM मोदी

Summary :

PM मोदी ने बरौनी रिफाइनरी में बरौनी रिफाइनरी विस्तार परियोजना और एटीएफ हाइड्रोट्रीटिंग यूनिट (आईएनडीजेईटी) की आधारशिला रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह जम्मू कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के बाद देश के लोगों का दुख और गुस्सा समझते हैं। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। कई परियोजनाओं का शुभारंभ करने के लिए बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री ने स्थानीय बोली अंगिका में कुछ पंक्तियां बोलकर अपना भाषण शुरू किया और पुलवामा हमले में मारे गए राज्य के दो जवानों को श्रद्धांजलि दी।

मोदी ने कहा, ‘‘मैं संजय कुमार सिन्हा और रतन कुमार ठाकुर को श्रद्धांजलि देता हूं। जो लोग यहां एकत्रित हुए हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपके दिलों में जो आग दहक रही है मेरे दिल में भी वही आग दहक रही है।’’ इस पर भीड़ ने उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया दी।

बिहार में 33,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया गया उद्घाटन, रखीं गई आधारशिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में पटना मेट्रो रेल परियोजना समेत 33,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की रविवार को आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। उन्होंने पटना शहर गैस वितरण परियोजना का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने बरौनी रिफाइनरी में बरौनी रिफाइनरी विस्तार परियोजना और एटीएफ हाइड्रोट्रीटिंग यूनिट (आईएनडीजेईटी) की आधारशिला रखी।

प्रधानमंत्री ने बरौनी में एक कार्यक्रम में रिमोट के जरिए पटना मेट्रो रेल परियोजना की भी नींव रखी। मोदी ने पटना में रीवर फ्रंट डेवलेपमेंट के पहले चरण का उद्घाटन किया और 96.54 किलोमीटर तक के करमालीचक सीवरेज नेटवर्क की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने कई सेक्टरों पर रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का उद्घाटन किया और रांची-पटना एसी वीकली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने छपरा और पूर्णिया में मेडिकल कॉलेजों की भी आधारशिला रखीं।

Desk Team